


बारिश भी नहीं रोक सकी राष्ट्रभक्ति का जज्बा, तिरंगामय हुआ सदर बाजार
बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बिलासपुर सराफा एसोसिएशन द्वारा शुक्रवार को ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। बारिश के बावजूद व्यापारियों, सराफा व्यवसायियों और नागरिकों में उत्साह देखने को मिला।
दोपहर 1 बजे कलेक्टर कार्यालय से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कलेक्टर संजय अग्रवाल (IAS), SSP रजनीश सिंह (IPS), CEO संदीप अग्रवाल एवं नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने किया। बड़ी संख्या में व्यापारी एवं सराफा एसोसिएशन के सदस्य हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए।
इसके बाद दोपहर 3 बजे गांधी चौक से कलेक्टर संजय अग्रवाल, IG राम गोपाल गर्ग, CEO संदीप अग्रवाल एवं नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। सदर बाजार में सराफा एसोसिएशन एवं चेंबर परिवार द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। बारिश के बावजूद व्यापारी और नागरिक पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल रहे। भारत माता के जयघोष और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा सदर बाजार गूंज उठा।
सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। बारिश के बावजूद व्यापारियों, स्कूली बच्चों एवं नागरिकों ने जिस उत्साह से तिरंगा यात्रा में भाग लिया, वह बिलासपुर की राष्ट्रभक्ति और एकजुटता का शानदार उदाहरण है। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के लिए सभी व्यापारियों एवं शहरवासियों का आभार जताया।
आयोजन में सचिव श्रीकांत पाण्डेय, कोषाध्यक्ष रौनक साव, चेयरपर्सन राजेश शाह, कार्यकारी अध्यक्ष अजय सराफ सहित जितेंद्र सोनी, महेश दुबे, सूरज सोनी, नवनाथ आवले, छेदीलाल सराफ, महेंद्र शाह, दिलीप खंडेलवाल, अनिल गुप्ता, विजय शाह, पंकज पारिख, राजू पारिख, महेश सोनी, हरीश साहू, सनी सलूजा, रितेश सलूजा, प्रकाश सोनी, सज्जन सोनी, राजेश सोनी, आलोक सोनी, मनोज सोनी एवं केशव सोनी सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।
15 अगस्त को होगा भव्य ध्वजारोहण
सराफा एसोसिएशन द्वारा 15 अगस्त की सुबह 11 बजे भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि गगन कुमार (IPS), सीएसपी, सिटी कोतवाली तथा विशिष्ट अतिथि देवेश सिंह (TI), थाना सिटी कोतवाली उपस्थित रहेंगे। एसोसिएशन ने सभी व्यापारियों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में शामिल होने की अपील की है।




