





चांपा में सड़क हादसा, बाइक सवार युवक गंभीर घायल
चांपा। चांपा के कोरबा रोड पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक अज्ञात युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार युवक रायगढ़ पासिंग CG-13 नंबर की मोटरसाइकिल से गुजर रहा था। इसी दौरान वह बिलासपुर पासिंग CG-10 नंबर के ट्रक की चपेट में आ गया।
हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की 112 टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सड़क पर लगे जाम को नियंत्रित किया। इसके बाद घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक उपचार के लिए शासकीय बीडीएम अस्पताल चांपा भेजा गया।
पुलिस घायल युवक की पहचान और उसके परिजनों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। वहीं हादसे में शामिल ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।




