




अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो चैन मशीन जप्त, 100 ट्रैक्टर रेत वापस नदी में डलवाई गई
जांजगीर-चांपा।
कलेक्टर के निर्देशानुसार दिनांक 28 मई 2026 को खनिज विभाग जांजगीर एवं पुलिस दल द्वारा संयुक्त रूप से ग्राम पीथमपुर-भादा क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की शिकायतों को लेकर जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान ग्राम भादा रेत खदान में नियमों के विपरीत चैन मशीन से रेत खनन किया जाना पाया गया।
जांच के दौरान अवैध उत्खनन में संलिप्त 1 चैन मशीन को मौके से जप्त कर सील बंद किया गया। वहीं ग्राम देवरहा क्षेत्र में भी अवैध रेत खनन में लगी एक अन्य चैन मशीन को मध्य रात्रि में खनिज अमले द्वारा जप्त कर कार्रवाई की गई।
प्रशासन द्वारा दर्ज प्रकरण में छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत उत्खनन एवं व्यवसाय नियम 2025 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत जांच कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
इसी क्रम में ग्राम आमोदी (खपरीडीह) में अवैध रूप से भंडारित रेत पर भी लगातार कार्रवाई जारी है। प्रशासन द्वारा लगभग 100 ट्रैक्टर अवैध रेत को वापस नदी में डलवाया गया।
खनिज विभाग एवं प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन एवं भंडारण के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




