








नगर पंचायत चुनाव बम्हनीडीह में कांग्रेस नेताओं ने भरी हुंकार
जांजगीर-चांपा। नगर पंचायत बम्हनीडीह चुनाव को लेकर अब राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनावी माहौल के बीच प्रचार-प्रसार का दौर लगातार जारी है और सभी दल अपनी पूरी ताकत झोंकते नजर आ रहे हैं।
बुधवार को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बम्हनीडीह पहुंचे, जहां उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल सहारे के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली एवं जनसभा को संबोधित किया।
सभा को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने सभी कांग्रेस प्रत्याशी को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के हितों के लिए कार्य करती रही है और बम्हनीडीह के विकास के लिए कांग्रेस प्रत्याशी को जिताना आवश्यक है।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह , जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप , जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू,चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जनसभा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए स्थानीय मुद्दों को लेकर जनता के बीच अपनी बात रखी। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।




