

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पहुंचे जिला जेल जांजगीर, विधायक बालेश्वर साहू से की मुलाकात
जांजगीर-चांपा।
छत्तीसगढ़ के फायर ब्रांड नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार को जिला जेल जांजगीर पहुंचे, जहां उन्होंने जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू से मुलाकात की। इस दौरान जिले के कई कांग्रेस विधायक, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।
जेल मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए भूपेश बघेल ने विधायक बालेश्वर साहू की गिरफ्तारी को भारतीय जनता पार्टी की द्वेषपूर्ण राजनीति करार दिया। उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला राजनीतिक प्रतिशोध का परिणाम है। उन्होंने भाजपा नेता नारायण चंदेल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि बालेश्वर साहू पर लगाए गए आरोप अभी तक सिद्ध नहीं हुए हैं और कांग्रेस इस मामले में न्यायालय का दरवाजा खटखटाती रहेगी। आवश्यकता पड़ी तो उच्च न्यायालय और उससे ऊपर के न्यायालय में भी न्याय की मांग की जाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश में चुनिंदा मामलों में ही कार्रवाई कर रही है, जबकि प्रदेशभर में चल रहे रेत घोटाले, महादेव सट्टा प्रकरण और कोयले में 50 रुपये प्रति टन कमीशन जैसे गंभीर मामलों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि इन मामलों में भाजपा नेताओं और चंदेल की भूमिका की जांच क्यों नहीं की जा रही।
भूपेश बघेल ने तमनार क्षेत्र में हुई घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि वर्तमान विष्णुदेव साय सरकार के कार्यकाल में प्रदेशभर में जंगलों की अंधाधुंध कटाई हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी स्तर पर हालात बदतर हैं और जनता त्राहि-त्राहि कर रही है।




