






OPS बहाली की मांग को लेकर प्रदेशभर में अधिकारी-कर्मचारियों की एकजुटता, मड़वा में हुई विशाल आमसभा
जांजगीर चांपा। पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाली की मांग को लेकर शुक्रवार 11 सितंबर को प्रदेशभर में अधिकारी-कर्मचारियों ने एकजुट होकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इसी कड़ी में A.B.V.T.P.S. मड़वा के मुख्य गेट पर शाम 4:30 बजे विशाल आमसभा एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर भी निर्धारित समय पर अधिकारी-कर्मचारियों ने कार्यक्रम में शामिल होकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को बुलंद किया।
कार्यक्रम में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। इस दौरान कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना को उनका अधिकार बताते हुए सरकार एवं प्रबंधन से OPS बहाल करने की मांग की। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर एकजुटता प्रदर्शित की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान “नहीं मांग रहे सब संसार, पुरानी पेंशन का दो अधिकार”, “हमारी मांग पुरानी पेंशन, लागू करो-लागू करो”, “गूंज रही बस एक आवाज, पुरानी पेंशन करो बहाल”, “अधिकारी कर्मचारी एकता जिंदाबाद” जैसे नारे लगाए गए।
कर्मचारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन उनके भविष्य और बुढ़ापे की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि वे किसी से भीख नहीं मांग रहे हैं, बल्कि अपना अधिकार मांग रहे हैं। कार्यक्रम में “अभी तो बस अंगड़ाई है, आगे और लड़ाई है” तथा “एक ही लक्ष्य, एक ही नारा, OPS है अधिकार हमारा” जैसे नारों के माध्यम से आंदोलन को आगे जारी रखने का संदेश भी दिया गया।
आंदोलनकारियों ने NPS व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए “NPS यह आपका, नहीं हमारे काम का” और “आपको पेंशन, हमको टेंशन, नहीं चलेगा-नहीं चलेगा” जैसे नारे लगाए। वहीं ज्ञापन के माध्यम से पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू करने की मांग रखी गई।
कर्मचारियों ने कहा कि OPS बहाली की मांग को लेकर सभी अधिकारी-कर्मचारी संगठन एकजुट हैं और शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज सरकार एवं संबंधित प्रबंधन तक पहुंचाते रहेंगे।
उक्त जानकारी मड़वा के कर्मचारी एवं कर्मचारी नेता अजय साहू ने दी।




