गेमन पुल के पास से रहस्यमयी ढंग से गायब हुआ व्यक्ति नदी में डूबा या किसी साजिश का शिकार?

गेमन पुल के पास से रहस्यमयी ढंग से गायब हुआ व्यक्ति नदी में डूबा या किसी साजिश का शिकार?
चांपा
बीते मंगलवार की रात हसदेव नदी पर बने गेमन पुल के पास उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। पुलिस को सूचना मिली कि पुल पर एक बिना नंबर की लावारिस गाड़ी खड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुल पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिनसे पुलिस ने पूछताछ की। इस दौरान कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आशंका जताई कि संबंधित व्यक्ति ने नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद पुलिस ने तत्काल मछुवारों की मदद से खोजबीन शुरू कराई। बुधवार सुबह से एसडीआरएफ (SDRF) की टीम भी मौके पर पहुंचकर नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
हालांकि, घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद लापता व्यक्ति का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। व्यक्ति के नहीं मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोगों के बीच यह भी सुगबुगाहट है कि कहीं उस व्यक्ति का अपहरण तो नहीं कर लिया गया।
एक ओर जहां पुलिस नदी में डूबने की आशंका को लेकर हर दिशा में तलाश में जुटी हुई है, वहीं दूसरी ओर व्यक्ति के नहीं मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या वह व्यक्ति वास्तव में नदी में डूब गया? या फिर उसके साथ कोई अनहोनी हुई? अथवा इसके पीछे कोई और वजह या साजिश है?
इस संबंध में जांजगीर कोतवाली थाना प्रभारी जेपी गुप्ता ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। हर एंगल से मामले की तस्दीक की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल लापता व्यक्ति की तलाश जारी है और पूरे मामले पर पुलिस की नजर बनी हुई है। अब देखना यह होगा कि यह रहस्य कब और कैसे सुलझता है।

WhatsApp Image 2025 09 22 at 11.59.38 1 Console Corptech
10.jpg Console Corptech

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button