


जांजगीर-चांपा: कुदरी बैराज में छात्र के कूदने की आशंका, 18 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग
चांपा। जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां चांपा स्थित कुदरी बैराज में एक युवक द्वारा छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लापता युवक की पहचान शिवम साहू के रूप में की जा रही है, जो लायंस स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक मंगलवार शाम एक युवक हसदेव नदी पर बने कुदरी बैराज पहुंचा, जहां उसने पहले अपना मोबाइल फोन नदी में फेंका और इसके बाद छलांग लगा दी। घटना के बाद से ही शिवम साहू के लापता होने की खबर सामने आई है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने यह कदम किन कारणों से उठाया। परिजनों के अनुसार वह हाल ही में आए परीक्षा परिणाम को लेकर परेशान था, लेकिन पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और तत्काल खोजबीन शुरू कर दी गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर रात तक तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। घटना के लगभग 18 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिलने पर बिलासपुर से एसडीआरएफ/सीडीआरएफ टीम को बुलाया गया है, जो आधुनिक उपकरणों के साथ सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है।
घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में चिंता और शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और हर पहलू पर पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
फिलहाल लापता युवक की तलाश जारी है और सभी की निगाहें सर्च ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं।




