
शिवरीनारायण थाना बना घूसखोरी का अड्डा: टीआई और चौकी प्रभारी पर रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप, वीडियो वायरल
जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र से खाकी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ थाना प्रभारी (TI) राजीव श्रीवास्तव और राहौद चौकी प्रभारी एएसआई रामप्रसाद बघेल पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले से जुड़ा एक स्टिंग वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
पत्रकार अमित कुमार खूंटे ने पुलिस अधीक्षक (SP) को सौंपे अपने शिकायती पत्र में बताया कि ‘अर्नेश कुमार बनाम बिहार राज्य’ के दिशा-निर्देशों का लाभ देने और माननीय न्यायालय में चालान की कार्यवाही जल्द पूरी करने के एवज में 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी गई है।
वायरल वीडियो और ऑडियो के आधार पर दावा किया जा रहा है कि उक्त अधिकारियों ने पुलिस नियमावली को ताक पर रखकर खुलेआम सौदेबाजी की है। इतना ही नहीं, शिकायत में यह भी उल्लेख है कि राहौद चौकी प्रभारी द्वारा 70 बोतल अंग्रेजी शराब की भी मांग की गई थी।
पुराना है विवादों से नाता
शिकायतकर्ता के अनुसार, राहौद चौकी प्रभारी राम प्रसाद बघेल का विवादों से पुराना नाता रहा है।
पूर्व का मामला: इससे पहले भी कोतवाली थाना जांजगीर में पदस्थापना के दौरान उनका रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हुआ था।
ग्रामीणों की शिकायत: राहौद निवासी लक्ष्मण देवांगन सहित अन्य ग्रामीणों ने भी लिखित शिकायत कर इन अधिकारियों पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं।
कार्यवाही की मांग
प्रार्थी ने पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा से मांग की है कि:
भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाए।
वायरल वीडियो और ऑडियो की निष्पक्ष जांच कर विभागीय कार्यवाही की जाए।
ग्रामीणों को पुलिस के इस ‘काले धंधे’ से निजात दिलाई जाए।
“पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाले ऐसे अधिकारियों पर अगर समय रहते कार्यवाही नहीं हुई, तो न्याय व्यवस्था से आम जनता का भरोसा उठ जाएगा।” —




