पामगढ़ जा रहे हैं तो हो जाएं सावधान! सभी प्रमुख मार्गों पर चक्का जाम, लंबी वाहनों की कतारें



पामगढ़ जा रहे हैं तो हो जाएं सावधान! सभी प्रमुख मार्गों पर चक्का जाम, लंबी वाहनों की कतारें
जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ विकासखंड में डोंगकहरौद मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए पामगढ़ आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर चक्का जाम कर दिया है। प्रदर्शन के चलते चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
चक्का जाम के कारण पामगढ़ से गुजरने वाले यात्री, निजी वाहन चालक, बसें और मालवाहक वाहन घंटों से जाम में फंसे हुए हैं। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे मौजूद हैं, जिससे स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।
मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीम तैनात है। पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था संभालने और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन फिलहाल प्रदर्शन जारी है और आवागमन पूरी तरह प्रभावित है।
यात्रियों से अपील है कि यदि अत्यंत आवश्यक न हो तो पामगढ़ की ओर यात्रा करने से बचें या वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें, क्योंकि फिलहाल सभी प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित है।







