



भालेराय मैदान में अंधेरा, स्ट्रीट लाइट लगे होने के बावजूद नहीं होती चालू
जांजगीर चांपा। जिले के चांपा शहर के परसुराम चौक स्थित भालेराय मैदान में शाम होते ही अंधेरे छा जाता है, हैरानी की बात यह है कि मैदान परिसर में स्ट्रीट लाइटें लगी हुई हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नियमित रूप से चालू नहीं किया जाता। शाम होते ही मैदान अंधकार में डूब जाता है, जिससे यहां रनिंग और टहलने आने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।भालेराय मैदान शहर का प्रमुख सार्वजनिक और व्यायाम स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवा, बुजुर्ग और बच्चे सुबह-शाम स्वास्थ्य लाभ के लिए आते हैं। लेकिन रोशनी के अभाव में लोगों को गिरने, चोट लगने और दुर्घटना का डर बना रहता है। कई नागरिकों ने बताया कि अंधेरे के कारण मैदान में असामाजिक गतिविधियों की आशंका भी बढ़ जाती है, जिससे महिलाएं और बुजुर्ग विशेष रूप से असुरक्षित महसूस करते हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्ट्रीट लाइटें लगे होने के बावजूद उनका उपयोग न होना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।नागरिकों ने मांग की है कि भालेराय मैदान की सभी स्ट्रीट लाइटें नियमित रूप से चालू की जाएं, ताकि लोग सुरक्षित वातावरण में व्यायाम और टहल सकें और मैदान की उपयोगिता बनी रहे।




