



चांपा पहुंचे उपमुख्यमंत्री अरुण साव, भाजपा व्यवसाई प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कार्तिकेश्वर स्वर्णकार के निवास पर हुई आत्मीय मुलाकात
चांपा। छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण साव सोमवार को चांपा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा व्यवसाई प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कार्तिकेश्वर स्वर्णकार के निवास पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की। इस अवसर पर क्षेत्रीय राजनीति, संगठनात्मक गतिविधियों तथा व्यवसायी वर्ग से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर व्यापक चर्चा हुई।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव के चांपा आगमन पर भाजपा व्यवसाई प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कार्तिकेश्वर स्वर्णकार के निवास पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। स्वर्णकार ने उपमुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया और स्थानीय स्तर पर व्यवसायी समाज एवं संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
कार्तिकेश्वर स्वर्णकार भाजपा संगठन में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। व्यवसाई प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक के रूप में वे प्रदेशभर के व्यापारियों और व्यवसायी वर्ग को संगठन से जोड़ने तथा उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने की दिशा में सक्रिय नजर आते हैं। यही वजह रही कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव के साथ उनकी यह मुलाकात संगठनात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मुलाकात के दौरान जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता मीरी, बिलासपुर सहकारी बैंक उपाध्यक्ष रजनी साहू, किसान मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता इंजीनियर रवि पाण्डेय, अमर सुल्तानिया, प्रदीप नामदेव, सलीम मेमन, जितेंद्र देवांगन, डॉ. धनेश्वरी जागृति, पूनम राय, आशुतोष सोनी सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री के साथ हुई इस मुलाकात को लेकर कार्तिकेश्वर स्वर्णकार ने कहा कि संगठन को मजबूत करने, व्यवसायी वर्ग की भागीदारी बढ़ाने तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा के संगठनात्मक विस्तार में व्यवसायी वर्ग की भूमिका महत्वपूर्ण है और इसे और मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मुलाकात के दौरान भाजपा नेताओं के बीच आपसी संवाद और संगठनात्मक समन्वय भी देखने को मिला।




