
बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस का बड़ा शक्ति प्रदर्शन,आज डॉ. चरण दास महंत करेंगे चुनाव प्रचार
जांजगीर-चांपा। बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा अध्यक्ष रह चुके डॉ. चरण दास महंत आज ही बम्हनीडीह पहुंचकर कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे।
डॉ. महंत के आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों द्वारा उनके दौरे की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। माना जा रहा है कि उनके प्रचार से चुनावी माहौल कांग्रेस के पक्ष में और मजबूत हो सकता है।
नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल पूरी ताकत झोंक रहे हैं। लगातार बड़े नेताओं के दौरे से बम्हनीडीह का चुनाव अब बेहद दिलचस्प होता नजर आ रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दावा है कि जनता का समर्थन पार्टी के पक्ष में है और इस बार नगर पंचायत में कांग्रेस जीत दर्ज करेगी।
वहीं राजनीतिक जानकारों का मानना है कि डॉ. चरण दास महंत का दौरा चुनावी समीकरणों पर असर डाल सकता है, क्योंकि क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।




