धार्मिक नारे लगवा कर वीडियो में वायरल होने वाला आरोपी गिरफ्तार, चांपा पुलिस की कार्रवाई तेज

धार्मिक नारे लगवा कर वीडियो में वायरल होने वाला आरोपी गिरफ्तार, चांपा पुलिस की कार्रवाई तेज

चांपा। बीते मार्च माह में धार्मिक पोस्टर फाड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई के साथ और गहराता नजर आ रहा है। इसी मामले में सोशल मीडिया पर “जय श्री राम” के नारे लगाते हुए वायरल हुए वीडियो के आधार पर चांपा पुलिस ने एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, पोस्टर फाड़ने की घटना के बाद मौके पर दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की स्थिति बन गई थी। सूचना मिलते ही चांपा पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज किया था। इसके बाद मामला सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो गया।

पुलिस द्वारा की गई विवेचना के दौरान पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं अब वायरल वीडियो और प्रार्थी के बयान के आधार पर सबसे अधिक दिखाई देने वाले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, मामले में शामिल चौथे आरोपी की तलाश जारी है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम रवाना हो चुकी है। संभावना जताई जा रही है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।

इधर, थाना परिसर में घटना से जुड़े लोगों की भीड़ भी देखी जा रही है, जिससे मामले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से विस्तृत पुष्टि नहीं की गई है।

थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बताया कि मामले में जल्द ही पूरी कार्रवाई कर दी जाएगी और सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button