
जांजगीर चांपा। आईपीएल मैचों में सट्टेबाजी पर लगाम कसने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना जांजगीर पुलिस ने आईपीएल मैच पर हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा संचालित कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सट्टा संचालन में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि जांजगीर क्षेत्र में एक व्यक्ति आईपीएल मैच में हार-जीत पर रुपये लगाकर ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना जांजगीर पुलिस की टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नरेश धीवर (25 वर्ष) निवासी घूरकोट, थाना जांजगीर को पकड़ा। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने आईपीएल मैच पर सट्टा लगाने की बात स्वीकार की। पुलिस द्वारा मोबाइल फोन की जांच करने पर उसमें सट्टेबाजी से संबंधित एप्लीकेशन मिली।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी राजस्थान रॉयल्स और गुजरात के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच में हार-जीत पर रुपये का दांव लगवा रहा था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 399/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 में मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बी.एस. लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, आरक्षक राकेश तिवारी, लीलाराम साहू, राहुल कुमार एवं शैलेन्द्र कुमार का विशेष योगदान रहा।
अवैध सट्टा और जुए के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध सट्टा, जुआ और ऑनलाइन बेटिंग गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




