चावल खरीदी के नाम पर 1.70 लाख की ठगी, बिहार से आरोपी गिरफ्तार

img 20260414 wa07526971753549470489133 Console Corptech
img 20260414 wa07512662246858090354125 Console Corptech

चावल खरीदी के नाम पर 1.70 लाख की ठगी, बिहार से आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। चावल खरीदी-बिक्री के नाम पर 1,70,000 रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को बिहार से पकड़ने में कोतवाली जांजगीर पुलिस और साइबर टीम की अहम भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ओम प्रकाश शर्मा (निवासी बिहार) ने शातिर तरीके से मोबाइल के माध्यम से चावल का सौदा किया और फोन पे व बैंक खाते में रकम लेने के बाद अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल, बैंक खाता और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम
प्रार्थी बांके बिहारी अग्रवाल, प्रोपराइटर सुलोचना फूड, जांजगीर ने 12 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि चावल ब्रोकर के माध्यम से आरोपी से 900 क्विंटल चावल 2980 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदने का सौदा हुआ। आरोपी ने ट्रक भाड़ा और अन्य खर्च के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल 1,70,000 रुपये ऑनलाइन ले लिए, लेकिन न तो चावल भेजा और न ही संपर्क में रहा।

साइबर ट्रैकिंग से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पॉल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। साइबर तकनीक की मदद से आरोपी का लोकेशन बिहार के अररिया जिले में मिला।

इसके बाद CSP योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में संयुक्त टीम बिहार रवाना हुई और मालद्वार (जिला अररिया) से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसने धोखाधड़ी की वारदात स्वीकार कर ली।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इनका रहा विशेष योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार पांडेय, साइबर थाना से निरीक्षक सागर पाठक, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा और आरक्षक माखन साहू का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button