






नवापारा रेत घाट में छापेमार कार्रवाई: देर रात चला प्रशासन का डंडा, माफियाओं में हड़कंप
जांजगीर-चांपा। जिले में लंबे समय से चल रहे अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ आखिरकार प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार देर रात नवापारा रेत घाट पर प्रशासनिक टीम ने छापेमार कार्रवाई कर रेत माफियाओं में हड़कंप मचा दिया।
बताया जा रहा है कि लगातार मिल रही शिकायतों और मीडिया में उठ रहे मुद्दों के बाद जिला कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम के नेतृत्व में खनिज और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया। इस टीम ने देर रात नवापारा सहित बमनहिडीह, केवा और भादा क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।
छापे के दौरान नवापारा रेत घाट पर मौके से दो चैन माउंटेड मशीन और दो जेसीबी मशीन जब्त की गईं। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही कई वाहन चालक अपने वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। जब्त मशीनों को सील करने की प्रक्रिया मौके पर ही पूरी की गई।




नायब तहसीलदार सृजल साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि कलेक्टर के निर्देश और एसडीएम के नेतृत्व में यह संयुक्त कार्रवाई की गई है। अवैध उत्खनन के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई में एसडीएम सुब्रत प्रधान, तहसीलदार राजकुमार मरावी, नायब तहसीलदार सृजल साहू, खनिज निरीक्षक आर.एल. राजपूत सहित रायपुर से आई विशेष टीम और स्थानीय विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।
देर रात चली इस कार्रवाई से रेत कारोबारियों में खलबली मच गई है। अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन की यह सख्ती आगे भी जारी रहती है या फिर कार्रवाई कुछ समय बाद ठंडी पड़ जाती है।





