अज्ञात बोलेरो ने गायों को कुचला, 4 की मौत, 3 घायल; पार्षद की सक्रियता से FIR दर्ज

मौके पर हादसे में घायल और मृत हुई गाय

अज्ञात बोलेरो ने गायों को कुचला, 4 की मौत, 3 घायल; पार्षद की सक्रियता से FIR दर्ज

चांपा। चांपा में बीती रात अज्ञात बोलेरो वाहन द्वारा गायों को कुचलने का मामला सामने आया है। घटना में करीब चार गायों की मौत हो गई, जबकि तीन गाय घायल बताई जा रही हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। घटना के बाद नगर पालिका चांपा की पार्षद पुष्पा अनीश सिंह ने सक्रियता दिखाते हुए थाना चांपा पहुंचकर अज्ञात बोलेरो वाहन और उसमें सवार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पार्षद एवं गौ सेवा से जुड़े लोगों की शिकायत पर चांपा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार घटना 7 अगस्त की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच की है। FIR में अज्ञात बोलेरो वाहन एवं उसमें सवार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 एवं पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। FIR  दर्ज किया गया है।

बताया जा रहा है कि अज्ञात बोलेरो वाहन चालक ने सड़क पर मौजूद गायों के प्रति क्रूरता बरतते हुए उन्हें वाहन से कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों एवं गौ सेवा से जुड़े लोगों में आक्रोश देखा गया।

पार्षद पति अनीश सिंह ने कहा कि गाय हम सबकी माता है। उनके साथ इस तरह की क्रूरता करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए। पुलिस को घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

वहीं चांपा थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बताया कि पार्षद एवं गौ सेवा संस्था के लोग कार्रवाई की मांग लेकर थाना पहुंचे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है तथा अज्ञात वाहन एवं उसमें सवार लोगों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से अज्ञात बोलेरो वाहन की पहचान करने में जुटी है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button