पंच पर हमला: हफ्ता मांगने पर मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। कोसमंदा गांव में ग्राम पंचायत के पंच महेंद्र राठौर पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंच महेंद्र राठौर पिता जोलेराम राठौर ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि वे पंचायत भवन किसी कार्य से पहुंचे थे, जहां पहले से मौजूद चार लोगों ने उनसे प्रति सप्ताह 2000 रुपये हफ्ता की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की।
मारपीट के दौरान महेंद्र राठौर के सिर, आंख और गाल के पास गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद उन्होंने ग्राम के नेता गौतम राठौर के साथ थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। साथ ही त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ग्राम सरपंच संजय रत्नाकर ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि पंच के साथ इस तरह की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।




